Womens DPL 2026: साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। इस टीम ने शनिवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 70 रन से धूल चटाई।
5 में से 4 मैच जीतकर साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। यह टीम शीर्ष स्थान पर है। वहीं, ईस्ट दिल्ली राइडर्स 5 में से 4 मैच गंवाकर खिताबी रेस से बाहर हो गई।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 180 रन बनाए। प्रिया पूनिया ने निशिका सिंह के साथ पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 27 रन की साझेदारी की। निशिका महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद प्रिया ने तनीषा सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 गेंदों में 93 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 120 के स्कोर तक पहुंचा दिया। तनिषा ने 21 गेंदों में 14 रन टीम के खाते में जोड़े।