आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के 21वें मैच में भारत ने न्यूज़ीलैंड को विराट कोहली के अर्धशतक और मोहम्मद शमी की शानदार गेंदबाजी की मदद से 4 विकेट से हरा दिया। भारत ने आईसीसी टूर्नामेंट में 2003 के बाद पहली बार कीवी टीम को हराया है। भारत की वर्ल्ड कप 2023 में खेले 5 मैचों में 5वीं जीत है। वहीं न्यूज़ीलैंड की 5 मैचों में ये पहली हार है। शमी ने इस मैच में 5 विकेट हासिल किये। इसी के साथ वो वर्ल्ड कप में 2 बार 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए। इससे पहले उन्होंने 2019 के वर्ल्ड कप में 5 विकेट चटकाए थे।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूज़ीलैंड की टीम 50 ओवरों में 273 के स्कोर पर सिमट गयी। न्यूज़ीलैंड की तरफ से सबसे ज्यादा रन डेरिल मिचेल के बल्ले से निकले। उन्होंने 127 गेंद में 9 चौको और 5 छक्कों की मदद से 130 रन की शतकीय पारी खेली। रचिन रवींद्र ने 87 गेंद में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 75 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। मिचेल और रवींद्र ने तीसरे विकेट के लिए 159 (152) रन की शतकीय साझेदारी निभाई। ग्लेन फिलिप्स ने 26 गेंद में एक छक्के की मदद से 23 रन बनाये। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा 5 विकेट मोहम्मद शमी ने हासिल किये। 2 विकेट कुलदीप यादव के खाते में गए। एक-एक विकेट जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज लेने में सफल रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने मैच को 48 ओवरों में 6 विकेट खोकर और 274 रन बनाकर जीत लिया। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन विराट कोहली ने बनाये। उन्होंने 104 गेंद में 8 चौको और 2 छक्कों की मदद से 95 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। रोहित शर्मा ने 40 गेंद में 4 चौको और 4 छक्कों की मदद से 46 रन बनाये।