Story of Chennai Test, India vs Australia 1986: कुछ दिन पहले, भारत के पूर्व इंटरनेशनल अंपायर, वी विक्रमराजू (V. Vikramraju) की 92 साल की उम्र में मौत हो गई। उनके दुखद निधन की खबर की ज्यादा रिपोर्टिंग नहीं हुई हालांकि वे भारत के सबसे चर्चित अंपायरों में से एक हैं। दो टेस्ट और पांच वनडे इंटरनेशनल के साथ-साथ वे 42 फर्स्ट-क्लास मैचों में अंपायर रहे जिसमें 1986 में मशहूर चेन्नई टाई टेस्ट में वे दो ऑन-फील्ड अंपायर में से एक थे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ये टेस्ट 18 से 22 सितंबर तक एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया और सिर्फ़ दूसरा टाई टेस्ट था। ऐसा पहला टेस्ट 1960 में ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच खेले थे।
विक्रमराजू ने ग्रेग मैथ्यूज की गेंद पर भारत के नंबर 11 मनिंदर सिंह को एलबीडब्ल्यू आउट दिया था जिसके लिए उनकी बड़ी आलोचना हुई। इस फैसले ने भारत को 348 के टारगेट से एक रन पहले ही रोक दिया। उनके इस फैसले ने टेस्ट को तो ऐतिहासिक बना दिया, लेकिन कहते हैं कि इस फैसले ने भारत से आखिरी गेंद पर जीत वाला रन बनाने का मौका छीन लिया। दारा दोतीवाला दूसरे ऑन-फील्ड अंपायर थे।
विक्रमराजू का अंपायर के तौर पर ये दूसरा टेस्ट था पर इसके बाद उन्हें कभी टेस्ट में अंपायरिंग का मौका नहीं मिला। इस टेस्ट विवाद के बाद वे कुछ फर्स्ट-क्लास मैचों के साथ-साथ टी20 इवेंट्स में मैच रेफरी जरूर रहे।