भारत की सीनियर पुरुष टीम, फीफा मेंस इंटरनेशनल मैच विंडो के दौरान पनामा के खिलाफ एक 'दोस्ताना मैच' की मेजबानी करेगी। यह मुकाबला 26 सितंबर को खेला जाना है। फिलहाल मुकाबले के वेन्यू की पुष्टि नहीं हुई है।
यह दोनों देशों के बीच पहला मुकाबला होगा और भारत के इतिहास में यह केवल 9वीं अलग कॉनकाकैफ टीम होगी, जिसका सामना भारत करेगा। पनामा फिलहाल फीफा वर्ल्ड रैंकिंग में 44वें स्थान पर है। ऐसे में 'ब्लू टाइगर्स' (भारतीय टीम) को वर्ल्ड कप खेलने वाले देश के खिलाफ खुद को परखने का एक और मौका मिलेगा।
लॉस कैनालेरोस (पनामा टीम) ने फीफा विश्व कप 2026 में हिस्सा लिया था। सितंबर में होने वाला यह मुकाबला फिलहाल 2026 में विश्व कप खेलने वाली टीमों के खिलाफ भारत के चार निर्धारित मुकाबलों में पहला होगा। इसके बाद भारतीय टीम 3 अक्टूबर को ब्राजील का सामना करेगी, जिसके बाद 12 और 15 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले खेलेगी।