'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' का 89वां संस्करण 6 सितंबर को सूरत में 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' थीम के साथ आयोजित किया जाएगा। सरकार युवाओं के बीच स्वस्थ और नशा-मुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए खेल, फिटनेस और सामुदायिक भागीदारी का इस्तेमाल करना चाहती है।
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया इस साइकिलिंग पहल का नेतृत्व करेंगे, जबकि गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' के आह्वान के अनुरूप आयोजित की जा रही है और इसका मकसद युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
मनसुख मांडविया ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' का यह संस्करण हमारे युवाओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ व सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए समर्पित है।"