एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 में भारत ने निराशाजनक संयुक्त-9वां स्थान हासिल किया। इसके बाद ग्राहम रीड ने भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच और खिलाड़ी ने भुवनेश्वर में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ दिलीप टिर्की को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस बारे में हॉकी इंडिया ने सोमवार को जानकारी दी।
मेजबान भारत को 2021 में टोक्यो खेलों में कांस्य पदक जीतकर ओलंपिक में चार दशक के सूखे को समाप्त करने के बाद पदक के दावेदार के रूप में देखा जा रहा था। क्रॉसओवर मैच में न्यूजीलैंड से हारने के बाद भारत अर्जेंटीना के साथ निराशाजनक 9वें स्थान पर रहा।
रीड के अलावा पुरुष टीम के विश्लेषणात्मक कोच ग्रेग क्लार्क और सलाहकार मिशेल डेविड पेम्बर्टन ने भी सोमवार सुबह इस्तीफा दे दिया। तीनों अगले महीने अपनी नोटिस अवधि पूरी करेंगे।