भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। टीम ने अपने दूसरे एलीट पूल मैच में मलेशिया को 11-1 से रौंदा। मौजूदा चैंपियन भारत ने पूरे मैच में शानदार खेल दिखाया और विरोधी टीम पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा।
साउथ कोरिया के खिलाफ अपने पहले मैच में 4-1 से जीत के बाद भारत ने मलेशिया के खिलाफ और भी शानदार खेल दिखाया। मैच की शुरुआत से ही उनका अटैक जबरदस्त रहा। सात खिलाड़ियों ने स्कोरशीट में अपना नाम दर्ज कराया। डिफेंडिंग चैंपियन ने फील्ड गोल के साथ-साथ सेट-पीस से भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।
भारत ने मैच की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की। टीम को बढ़त हासिल करने में सिर्फ एक मिनट लगा, जब पूजा साहू ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल करके स्कोर 1-0 कर दिया। इसके बाद चौथे मिनट में पूर्णिमा यादव ने दूसरा गोल दागा, जबकि आठवें मिनट में बिनिमा धन ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी।