'राम नगरी' अयोध्या में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए 17.6 करोड़ की लागत से भव्य 'इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' तैयार होने जा रहा है। वैश्विक नगरोदय योजना के तहत अयोध्या नगर निगम इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवा रहा है। अयोध्या धाम में शनिवार को महापौर गिरीश त्रिपाठी ने इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन किया।
इस इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण 1 साल में पूरा कराने का लक्ष्य है, जिसमें बैडमिंटन, टेनिस, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती और बॉक्सिंग जैसे खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही खिलाड़ियों की फिटनेस के लिए जिम्नेजियम और योगा सेंटर भी होगा।
शनिवार को भूमि पूजन के मौके पर अयोध्या के म्युनिसिपल कमिश्नर जयेंद्र कुमार ने 'आईएएनएस' को बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, कुश्ती और योग जैसी खेल गतिविधियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, परिसर में आधुनिक जिम और योग केंद्र भी बनाया जाएगा। परियोजना को करीब एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।