स्पेन के स्टार खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने कहा है कि टेनिस का कैलेंडर अब इतना व्यस्त हो गया है कि खिलाड़ियों के लिए हर बड़े टूर्नामेंट में लगातार खेलना आसान नहीं रहा है। उनका मानना है कि अगर खिलाड़ी बिना ब्रेक लिए लगातार खेलते रहें, तो थकान बढ़ सकती है और चोट लगने का खतरा भी रहता है।
अल्काराज ने बताया कि इसी वजह से वह आगे भी जरूरत पड़ने पर टेनिस से कुछ समय का ब्रेक लेते रहेंगे। उनका कहना है कि लंबे समय तक अच्छा प्रदर्शन करने और फिट रहने के लिए आराम करना भी उतना ही जरूरी है जितना खेलना है। अल्काराज ने न्यूयॉर्क में खेले जा रहे यूएस ओपन के तीसरे दौर में जगह बनाने के बाद यह बात कही।
आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए मैच में उन्होंने पहला सेट हारने के बाद वापसी करते हुए पुर्तगाल के जैमे फारिया को 4-6, 6-0, 6-3, 6-2 से हराया। कार्लोस अल्काराज ने माना कि कलाई की चोट की वजह से उन्हें चार महीने तक टेनिस से दूर रहना पड़ा, और यह ब्रेक उनकी पसंद नहीं था। हालांकि, उन्होंने कहा कि आगे चलकर वह अपनी योजना के तहत कुछ समय के लिए टूर से ब्रेक लेना चाहेंगे।