ग्रेटर नोएडा के बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) में रविवार को इंडियन रेसिंग फेस्टिवल का एक शानदार वीकेंड देखने को मिला, जिसमें 'किच्छा किंग्स' के रूहान अल्वा और 'स्पीड डेमन्स' के कृषय गुट्टे सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे।
रविवार की रेस को देखने के लिए 20,000 से ज्यादा दर्शक पहुंचे। भारतीय मोटरस्पोर्ट में अपनी पहचान बना रहे इस फेस्टिवल के लिए 28-29 नवंबर का आयोजन एक अहम पड़ाव रहा, क्योंकि रविवार को इंडियन रेसिंग फेस्टिवल (आईआरएफ) ने अपनी 100वीं रेस पूरी की।
बेंगलुरु के रूहान अल्वा ने इस ऐतिहासिक रेस में जीत हासिल की। वहीं, दिल्ली के कृषय गुट्टे ने अपनी पहली एफ4 इंडियन चैंपियनशिप जीत दर्ज की। दरअसल, रेस के बाद उनके साथी ड्राइवर नितियिसो माबुंडा को 10 सेकंड की पेनाल्टी मिली, जो सबसे पहले फिनिश लाइन पार कर चुके थे। इस पेनाल्टी के कारण वे दूसरे स्थान पर खिसक गए।