बोरुसिया डॉर्टमुंड को बड़ा झटका लगा है। टीम के मिडफील्डर जियानिस कॉन्स्टेंटेलियास अपने बुंडेसलीगा डेब्यू मैच में गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं।
हैम्बर्ग के खिलाफ मैच के दौरान उनके बाएं घुटने का क्रूसिएट लिगामेंट (एसीएल) फट गया। यह घुटने की गंभीर चोट मानी जाती है, जिसके कारण उन्हें कई महीनों तक मैदान से बाहर रहना पड़ सकता है। क्लब ने इस चोट की पुष्टि की है। 23 वर्षीय ग्रीक मिडफील्डर जियानिस कॉन्स्टेंटेलियास को शनिवार को हैम्बर्ग के खिलाफ 2-0 की जीत के दौरान गंभीर चोट लग गई। मैच के 52वें मिनट में मिडफील्ड में एक चुनौती के दौरान यह चोट लगी और उन्हें तुरंत मैदान छोड़ना पड़ा।
'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, यह झटका तब लगा जब कॉन्स्टेंटेलियास ने डॉर्टमुंड के लिए अपने पहले लीग मैच में ही शानदार शुरुआत की थी और पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में क्लब के लिए अपना पहला गोल किया था। डॉर्टमुंड के स्पोर्टिंग चीफ लार्स रिकेन ने कहा कि नए खिलाड़ी की शानदार शुरुआत के बाद यह चोट एक बड़ा झटका है।