छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) का पहला संस्करण 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस फ्रेंचाइजी-आधारित लीग में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस शामिल हैं।
भारतीय हॉकी के दिग्गज और ओलंपिक पदक विजेता गुरजंत सिंह, शमशेर सिंह और सुरेंद्र कुमार को पहले सीजन के लिए 'मार्की प्लेयर्स' में शामिल किया गया है। जसकरण सिंह और देवेंद्र वाल्मीकि समेत भारतीय टीम के अन्य प्रमुख खिलाड़ी भी इस लीग का हिस्सा होंगे।
यह लीग राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेली जाएगी, जिसमें शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल नॉकआउट मुकाबलों के तौर पर खेले जाएंगे, जबकि खिताबी मैच 1 नवंबर को होगा। फाइनल के दिन महिला टीमों के बीच एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित करने की योजना है।