Berlin Special Olympics: जून माह में जर्मनी के बर्लिन में स्पेशल ओलंपिक वल्र्ड समर गेम्स आयोजित होने जा रहे हैं। इसमें दिल्ली से पांच मानसिक रूप से दिव्यांग लड़कियां और एक महिला कोच भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह सभी खिलाड़ी दिल्ली के सरकारी स्पेशल होम में रहती हैं और वहीं उन्होंने खेल के लिए तैयारी की है।
दिल्ली सरकार के आशा किरन और आशा ज्योति स्पेशल होम ने रहने वाली प्रीति, जुनकी, रेशमा, ममता और मोहाली मानसिक रूप से दिव्यांग हैं। वह बर्लिन स्पेशल ओलंपिक 2023 में बास्केटबॉल, वेटलिफ्टिंग, फुटबॉल और हैंडबॉल खेलों में भाग लेते हुए दमखम दिखाएंगी।
बर्लिन स्पेशल ओलंपिक वल्र्ड समर गेम्स में चयनित हुई दिल्ली की पांचों खिलाड़ी मानसिक रूप से दिव्यांग हैं और वह दिल्ली सरकार के स्पेशल होम में ही रहती हैं। स्पेशल ओलंपिक की टीम में चयनित होने के लिए सभी खिलाड़ियों ने करीब दो साल तक अपने-अपने खेल के लिए लगातार तैयारी जारी रखी है। इसके बाद उन्होंने पिछले साल सबसे पहले राज्य स्तर पर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और उसमें सफल होने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लिया। जहां अच्छा प्रदर्शन कर वह स्पेशल ओलंपिक में खेलने के लिए चयनित हुई हैं।