'फॉर्मूला 1' की गवर्निंग बॉडी, एफआईए ने मोंजा में होने वाले इटैलियन ग्रां प्री के लिए 'हीट हैजर्ड' (गर्मी का खतरा) घोषित किया है। यह फैसला रेस वीकेंड के दौरान शहर में तापमान बढ़ने की आशंका को देखते हुए लिया गया है।
एफआईए ने गुरुवार को एक बयान में कहा, "एफआईए एफ1 नियमों के आर्टिकल बी1.5.10 के अनुसार, आधिकारिक मौसम सेवा से मिली जानकारी के आधार पर, जिसमें इस प्रतियोगिता के दौरान रेस के समय 'हीट इंडेक्स' (गर्मी का स्तर) 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने का अनुमान है, 'हीट हैजर्ड' घोषित किया जाता है।"
इस नियम का मतलब है कि ड्राइवर कूलिंग सिस्टम का इस्तेमाल कर सकते हैं। 'हीट हैजर्ड' की स्थिति में ड्राइवर्स को अतिरिक्त ठंडक पहुंचाना ही इसका मुख्य मकसद है। इसमें कई हिस्से शामिल हैं, जैसे पंप, प्लंबिंग और थर्मल स्टोर। सिस्टम से बनने वाला ठंडा फ्लूइड एक खास फायरप्रूफ वेस्ट (जैकेट) के जरिए ड्राइवर्स तक पहुंचाया जाता है, जिसमें कई ट्यूब लगी होती हैं। सिस्टम के सभी मुख्य हिस्से कारों में लगे होने चाहिए, हालांकि ड्राइवर अभी यह चुन सकते हैं कि वे वेस्ट पहनें या नहीं, क्योंकि इसके डिजाइन को बेहतर बनाने का काम अभी भी चल रहा है।