ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) के चौथे सीजन की शुरुआत शनिवार से बेंगलुरु में हुई। पहले ही दिन मौजूदा चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने कड़े मुकाबले में चेक मुंबा मास्टर्स को 10-8 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
वहीं, दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स को पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा। गैंगेस ग्रैंडमास्टर्स ने उन्हें 10-9 से मात दी। दिन के एक अन्य मुकाबले में फाईर्स अमेरिकन गैम्बिट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीबीजी अलास्कन नाइट्स को 10-4 से हराया।
एक साल के ब्रेक के बाद दुनिया के नंबर 1 खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन की पाइपर्स की टीम में वापसी के साथ ही सभी की नजरें इस बात पर थीं कि मौजूदा चैंपियन मजबूत मुंबा मास्टर्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत कैसे करेंगे। मौजूदा चैंपियन टीम पर शुरुआत में ही दबाव बन गया जब मुंबा मास्टर्स के एम. प्रणेश ने सुपरस्टार मेन्स बोर्ड पर अनीश गिरी को हरा दिया। लेकिन 'प्लेयर ऑफ द मैच' विदित गुजराती ने अपनी टीम को मुकाबले में वापसी कराई। उनकी मजबूत पोजीशनल चालें शखरियार मामेदयारोव को हराने के लिए काफी साबित हुईं।