Asia Cup Hockey 2025: एशिया कप हॉकी का आगाज 29 अगस्त से बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में हो रहा है। प्रशंसकों के लिए हॉकी इंडिया ने एक बड़ी सौगात दी है। हॉकी इंडिया ने घोषणा की है कि मैचों के लिए प्रशंसकों को निशुल्क प्रवेश टिकट दिया जाएगा।
फैंस हॉकी इंडिया ऐप पर जाकर मुफ्त टिकट के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। उन्हें वर्चुअल टिकट दिया जाएगा।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा, "राजगीर में पुरुष एशिया कप की मेजबानी भारतीय हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, और हम चाहते हैं कि हर प्रशंसक इस यात्रा का हिस्सा बने। प्रवेश निःशुल्क रखकर, हमारा उद्देश्य खेल को और अधिक सुलभ बनाना और परिवारों, छात्रों और युवा एथलीटों को विश्व स्तरीय हॉकी देखने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह केवल एक टूर्नामेंट नहीं है, यह खेल का उत्सव है, और बिहार और उसके बाहर के लोग इसके केंद्र में रहने के हकदार हैं।"