हॉकी के जादूगर 'पद्म भूषण' मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "हॉकी के जादूगर, 'पद्म भूषण' मेजर ध्यानचंद की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि तथा 'राष्ट्रीय खेल दिवस' की सभी खिलाड़ियों एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। आइए, खेल को जीवन का संस्कार, अनुशासन को अपनी पहचान और तिरंगे की आन-बान-शान को अपना सर्वोच्च लक्ष्य बनाएं। यही मेजर ध्यानचंद के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और यही 'विकसित भारत' की सशक्त, स्वस्थ एवं आत्मविश्वासी युवा शक्ति का आधार बनेगा।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, "हॉकी के जादूगर, महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। उनका जीवन खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरक मिसाल है। राष्ट्रीय खेल दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह दिवस खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के संकल्प को सुदृढ़ बनाता है। मध्यप्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।"