कर्नाटक के बंदरगाह शहर मैंगलोर का ससिहिथलू बीच इंडियन ओपन ऑफ सफिर्ंग के चौथे संस्करण के लिए भारत भर से 70 सर्फर्स की मेजबानी करने के लिए तैयार है। यह प्रमुख सफिर्ंग प्रतियोगिता सफिर्ंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की जाती है और इसकी मेजबानी मंत्रा सर्फ क्लब द्वारा की जा रही है।
इस साल प्रतियोगिता कठिन होगी क्योंकि भारत के 10 सर्वश्रेष्ठ सर्फर्स में से शीर्ष सात तीन दिवसीय सफिर्ंग चैंपियनशिप में भाग लेते नजर आएंगे। सतीश सरवनन, रूबन वी, श्रीकांत डी, सूर्या पी, संजयकुमार एस, मणिकंदन देसप्पन और निथिश्वरुन टी जैसे कुछ शीर्ष नाम इसमें शामिल हैं। इंडियन ओपन ऑफ सफिर्ंग भारतीय सफिर्ंग सीजन की शुरूआत का प्रतीक है। वहीं कर्नाटक पर्यटन ने लगातार चौथे सत्र के लिए अपने समर्थन की पुष्टि की है।
श्रृष्टि सेल्वम, सिनचना डी गौड़ा (मैंगलोर सर्फ क्लब) और शुगर शांति बनारसे कुछ शीर्ष महिला सर्फर हैं, जो शीर्ष सम्मान के लिए प्रतिस्पर्धा करती नजर आएंगी और उनसे अपने विरोधियों को कड़ी टक्कर देने की उम्मीद है। इस संस्करण में किशोर कुमार (ग्रोम्स श्रेणी) भी शामिल होंगे, जो पहले से ही समुद्र में अपनी असाधारण क्षमताओं के साथ अपनी छाप छोड़ चुके हैं।