इप्सविच टाउन के मैनेजर गैरी ओ'नील ने कहा कि प्रीमियर लीग में वापसी उनके लिए एक बड़ा मौका है। उन्होंने बताया कि पिछली बार लीग में रहने के बाद से अपने कोचिंग कौशल को बेहतर बनाने के लिए काफी मेहनत की है। ओ'नील अब इप्सविच टाउन को प्रीमियर लीग की कड़ी चुनौती में अच्छा प्रदर्शन कराने और टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर ध्यान दे रहे हैं।
इप्सविच टाउन सिर्फ एक सीजन चैंपियनशिप में बिताने के बाद फिर से प्रीमियर लीग में लौटी है और टीम ने गैरी ओ'नील के नेतृत्व में अपने अभियान की शुरुआत की है। ओ'नील इससे पहले बॉर्नमाउथ और वॉल्व्स के मैनेजर रह चुके हैं। उनके पास प्रीमियर लीग में काम करने का अच्छा अनुभव है और उन्होंने दोनों टीमों को लीग में बने रहने में अहम भूमिका निभाई थी।
ओ'नील ने 'जियोस्टार' पर कहा, "जब आप प्रीमियर लीग में नौकरी के लिए जाते हैं, तो आपको पता होता है कि मुकाबला बहुत कड़ा होगा। इप्सविच टाउन ने सही व्यक्ति को खोजने के लिए काफी मेहनत की और मैं शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे चुना। प्रीमियर लीग में पिछली बार रहने के बाद से मैंने खुद को बेहतर बनाने के लिए काफी काम किया है।"