ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रहे और टीम को 2 बार विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले काफू ने शनिवार को मुंबई की जरूरतमंद युवा लड़कियों के साथ फुटबॉल फील्ड पर समय बिताया। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को फुटबॉल के गुर बताने के साथ ही खेल और शिक्षा के जरिए अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
काफू ने मुंबई के 'ड्रीमिंग इन स्लम्स फाउंडेशन' की लड़कियों के साथ समय बिताया। वह उनके साथ एक मैत्री मैच में शामिल हुए। यह फाउंडेशन जरूरतमंद शहरी समुदाय की युवा लड़कियों के साथ काम करता है, फुटबॉल का इस्तेमाल लाइफ स्किल्स, आत्मविश्वास और अवसर ढूंढने के लिए करता है। यह प्रोग्राम छह से 16 साल की लड़कियों के लिए है।
इस अवसर पर काफू ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "फुटबॉल बच्चों का बेहतर भविष्य बनाने में मदद करने में एक बड़ी भूमिका निभा सकता है। जो बच्चे फुटबॉल पढ़ते और खेलते हैं, उनके लिए मेरी राय है कि उन्हें इसी रास्ते पर चलते रहना चाहिए। खेल दुनिया में सामाजिक जुड़ाव के सबसे बड़े तरीकों में से एक है।"