प्रीमियर लीग क्लब मैनचेस्टर सिटी ने लिले से अय्यूब बौआदी को साइन करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। मोरक्को के इस युवा खिलाड़ी ने 2031 तक एतिहाद स्टेडियम में रहने के लिए करार पर हस्ताक्षर किए हैं। 18 वर्षीय बौआदी, एलियट एंडरसन, पियर्स चार्ल्स, जेरेमी मोंगा, मैथिस डेटोरबेट और जेरोनिमो रुली के बाद सिटी के छठे समर साइनिंग हैं।
बौआदी ने लिले के लिए 96 मैच खेले हैं। वह 8 इंटरनेशनल मैच भी खेल चुके हैं। उन्होंने अपने 16वें जन्मदिन के ठीक तीन दिन बाद यूईएफए कॉन्फ्रेंस लीग में लीग 1 क्लब के लिए सीनियर डेब्यू किया और अगले दो सीजन में टीम में अपनी जगह पक्की कर ली।
मोरक्को (जो उनके माता-पिता की राष्ट्रीयता है) के लिए खेलने का फैसला करने से पहले बौआदी ने फ्रांस का युवा और अंडर-21 स्तर पर प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एटलस लायंस के लिए शानदार प्रदर्शन किया। क्लब में शामिल होने पर एक आधिकारिक बयान में बौआदी ने कहा, "यह मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत खास दिन है। मेरे लिए मैनचेस्टर सिटी दुनिया का सबसे अच्छा क्लब है। यहां होना और खुद को सिटी का खिलाड़ी कह पाना एक सपना सच होने जैसा है। मैंने अपनी जिंदगी का ज्यादातर समय सबसे अच्छा खिलाड़ी बनने और खेल में शीर्ष पर पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत करते हुए बिताया है।"