21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप के आखिरी दिन कई मीट और नेशनल रिकॉर्ड टूटे। गुरुवार को लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में प्रतियोगिता के दौरान झारखंड के हिमांशु कुमार ने सबसे पुराना जूनियर रिकॉर्ड तोड़ा।
हिमांशु कुमार ने 2.09 मीटर के मीट रिकॉर्ड के साथ हाई जंप में गोल्ड मेडल जीतकर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया। इसी के साथ उन्होंने लड़कों की हाई जंप का मीट रिकॉर्ड (2.08 मीटर) तोड़ा, जो साल 2005 में राजेश कलिरामना ने बनाया था। असम के जुबिन गोहेन ने भी पिछला मीट रिकॉर्ड सुधारा, लेकिन उन्हें सिल्वर मेडल (2.09 मीटर) से संतोष करना पड़ा।
लड़कों और लड़कियों के जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) के मीट रिकॉर्ड भी टूटे। मध्य प्रदेश के कृष्ण चंद्र ने लड़कों के जैवलिन थ्रो में 79.92 मीटर की दूरी के साथ गोल्ड मेडल जीता। यह 2018 में वडोदरा में रोहित यादव द्वारा बनाए गए 77.41 मीटर के पिछले मीट रिकॉर्ड से बेहतर था।