वियतनाम के दा नांग में जारी टूर्नामेंट के पहले दिन, भारत ने एंटीगुआ और बारबुडा, इजरायल और चेक गणराज्य के खिलाफ अपने तीनों लीग मैच जीतकर 'पिकलबॉल वर्ल्ड कप' के टीम इवेंट का लीग स्टेज बिना कोई मैच हारे पूरा किया।
अब तक भारत ने 6 गोल्ड, 16 सिल्वर और 15 ब्रॉन्ज मेडल के साथ कुल 37 मेडल जीते हैं और टीम मेडल टैली में चौथे स्थान पर है।
हर्ष मेहता, अर्जुन सिंह, अनीश फ्रोइलन, अमन पटेल, पर्ल अमलसादीवाला, नाओमी अमलसादीवाला, आलिया इब्राहिम और मिहिका यादव जैसे खिलाड़ियों वाली भारतीय प्रो टीम ने लीग स्टेज में आसानी से जीत हासिल की। भारत ने एंटीगुआ और बारबुडा और इजरायल को 6-0 के स्कोर से हराया और फिर लीग स्टेज के आखिरी मैच में चेक गणराज्य को 5-1 से मात दी। प्रत्येक मुकाबले में 6 मैच खेले गए, जिनमें विमेंस डबल्स, मेंस डबल्स, मिक्स्ड डबल्स 1, मिक्स्ड डबल्स 2, विमेंस सिंगल्स और मेंस सिंगल्स शामिल थे। अब भारतीय टीम शुक्रवार को 'राउंड ऑफ 32' में पुर्तगाल का सामना करेगी।