उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में देशभर से आए हुए खिलाड़ी भारत की नई ऊर्जा हैं। पीएम मोदी के मार्गदर्शन में ये सभी कार्यक्रम कुशलतापूर्वक संपन्न होकर उत्तर प्रदेश के अंदर न सिर्फ खेल की गतिविधियों को आगे बढ़ाने, बल्कि देशभर से आने वाले इन खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश को अलग-अलग स्थानों पर जाकर देखने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के बीबीडी स्टेडियम में आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत भी किया।
उन्होंने कहा, आज के इस अवसर पर देश की यह युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के उद्घाटन के अवसर पर आपके मार्गदर्शन के लिए उतावली है। इस युवाशक्ति की ओर से आपका अभिनंदन है।