ब्राजील के फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद नेमार जूनियर ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले लिया है। ब्राजील को राउंड ऑफ 16 मुकाबले में नॉर्वे के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते टीम का टूर्नामेंट में सफर यही थम गया।
34 वर्षीय नेमार ने ब्राजील के विश्व कप से बाहर होने के बाद पत्रकारों संग बातचीत करते हुए कहा, "मैंने बहुत प्रयास किया, मैंने हर संभव कोशिश की। हालांकि, अब यह सफर खत्म हो चुका है। मैंने अमेरिका की सरजमीं से ही अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज किया था और यहीं पर इसे खत्म कर रहा हूं।" नेमार नॉर्वे के खिलाफ मिली हार के बाद मैदान पर भावुक भी नजर आए।
नॉर्वे के खिलाफ मुकाबले में नेमार सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरे और उन्होंने इंजरी टाइम में ब्राजील की ओर से मैच का एकमात्र गोल भी दागा। यह नेमार का उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी गोल भी रहा। ब्राजील की तरफ से सबसे अधिक गोल करने का रिकॉर्ड नेमार के नाम ही दर्ज है। उन्होंने अपने करियर में खेले कुल 130 मुकाबलों में 80 गोल किए, जबकि 59 असिस्ट भी किए।