प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक कार्यक्रम 'मन की बात' के 134वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केरलम के एक खास स्विमिंग क्लब की चर्चा की, जहां दिव्यांग बच्चों को स्विमिंग सिखाई जाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा, "गर्मी के इन दिनों में, ऐसे तो स्कूलों की छुट्टियां होती हैं, लेकिन, मैं एक ऐसी क्लास की बात करूंगा, जिसमें आपका एडमिशन करने का मन कर जाएगा। साथियों, एक स्थिति की कल्पना कीजिए, एक ऐसा स्कूल जहां बच्चे भी आते हों, युवा भी और बुजुर्ग भी, जहां कोई फीस ना हो, कोई बड़ी बिल्डिंग ना हो, कोई क्लासरूम भी ना हो और सबसे रोचक बात, वहां क्लास नदी में लगती हो।"
उन्होंने आगे बताया, "ये कोई कहानी नहीं है। ये एक सच्चा प्रयास है। केरलम के आलुवा में, साजी वलाशेरिल जी ऐसा ही एक स्विमिंग क्लब चला रहे हैं। अब तक 15 हजार से ज्यादा लोग यहां तैरना सीख चुके हैं। साजी जी ने दिव्यांग बच्चों को भी स्विमिंग सिखाई है।"