16वीं एवीसी एशियन विमेंस अंडर-18 वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए गुजरात की तीन खिलाड़ियों को भारतीय टीम में चुना गया है। इनमें से 16 वर्षीय रजल वाला को थाईलैंड में होने वाले इस कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट के लिए राष्ट्रीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।
1 से 7 जुलाई तक नखोन रत्चासिमा में खेले जाने वाली इस प्रतियोगिता में 16 टीमें एशियन खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। रजल एशिया की कुछ सबसे मजबूत युवा वॉलीबॉल टीमों के खिलाफ भारत की कमान संभालेंगी, जबकि गुजरात की ही खिलाड़ी अर्पिता वाधेर और फोरम कागथारा को भी टीम में जगह मिली है। ये तीनों खिलाड़ी नडियाद के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में ट्रेनिंग करती हैं, जिसे स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात (एसएजी) संचालित करता है।
गिर सोमनाथ जिले के कोडिनार तालुका के सरखाडी गांव की रहने वाली रजल को भारतीय अंडर-18 महिला टीम की कप्तानी सौंपी गई है। 17 वर्षीय अर्पिता वाधेर गिर सोमनाथ जिले के सूत्रपाड़ा तालुका के वावडी गांव की रहने वाली हैं, जबकि 17 वर्षीय फोरम कागथारा अमरेली जिले से हैं।