दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को वेदांता हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 40 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। मैराथन को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हरी झंडी दिखाते हुए शुरू किया।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में हर साल इस इवेंट का होना गर्व की बात है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "वेदांता हाफ मैराथन में देश और दुनियाभर से 40 हजार लोगों ने हिस्सा लिया, जिसमें 10 हजार महिलाएं शामिल रहीं। यह खास इवेंट है और यह सिर्फ स्पोर्टिंग इवेंट नहीं है। इस इवेंट ने दिल्ली में ऐसा माहौल बनाया है, जिसमें लोगों ने समुदाय के अलावा, सरहदों को तोड़ते हुए एक साथ कदम आगे बढ़ाए हैं।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा, "फिट इंडिया मूवमेंट, जिसे लेकर देश के प्रधानमंत्री हमेशा आह्वान करते हैं, आज दिल्ली उस ओर लगातार बढ़ रही है। मैं इस इवेंट के आयोजकों को बहुत बधाई देती हूं, जिन्होंने इस इवेंट को दिल्ली का फीचर बनाया। दिल्ली में हर साल इस इवेंट का होना हमारे लिए गर्व की बात है। मैं इस मैराथन में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देती हूं।"