साल 2026 के लिए फीफा इंटरनेशनल लिस्ट ऑफ मैच ऑफिशियल्स में पांच और भारतीय मैच अधिकारियों को शामिल किया गया है। इनमें रचना कमानी (गुजरात), अश्विन कुमार (पुडुचेरी) और आदित्य पुरकायस्थ (दिल्ली) को रेफरी की फीफा लिस्ट में शुमार किया गया है। इसके अलावा, मुरलीधरन पांडुरंगन (पुडुचेरी) और पीटर क्रिस्टोफर (महाराष्ट्र) को असिस्टेंट रेफरी के रूप में जोड़ा गया है।
अश्विन कुमार और आदित्य पुरकायस्थ ने फीफा लिस्ट में शामिल होने के साथ मलेशिया के कुआलालंपुर में अपना एएफसी रेफरी एकेडमी कोर्स भी पूरा कर लिया है। रचना कमानी फिलहाल इसी कोर्स को कर रही हैं। भारत के कुल 19 मैच अधिकारी 2026 के लिए फीफा लिस्ट का हिस्सा हैं।
2026 फीफा वर्ल्ड कप का ड्रॉ जॉन एफ. कैनेडी सेंटर में हुआ। पिछले वर्ल्ड कप की सरप्राइज टीम मोरक्को को ग्रुप सी में ब्राजील के साथ रखा गया है, जिसके चलते स्कॉटलैंड और हैती पर दबाव आ गया है। इंग्लैंड और क्रोएशिया ग्रुप एल में एक साथ हैं। घाना और पनामा के लिए इस ग्रुप से आगे बढ़ना एक बड़ी चुनौती होगी।