उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में 50वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप का औपचारिक शुभारंभ किया। यह आयोजन राज्य के लिए एक गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर है, क्योंकि देवभूमि उत्तराखंड पहली बार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस सफल आयोजन के लिए बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया और उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन को बधाई दी। यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप 10 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें देश के 28 राज्यों से 54 टीमों के एक हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, धैर्य, अनुशासन और टीम भावना भी सिखाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'खेलो इंडिया' और 'फिट इंडिया मूवमेंट' जैसी पहलों की सराहना की, जिनके कारण देश में खेलों के प्रति नई जागरूकता आई है और भारत वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है।