Fit India Sundays: शहरों की व्यस्त सड़कों से लेकर कॉलेज परिसरों और सामुदायिक मैदानों तक, रविवार को देशभर में फिटनेस और जागरूकता का उत्सव देखने को मिला, जब ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का 59वां संस्करण आयोजित हुआ। इस पहल ने एक साधारण रविवार की सुबह को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक सहभागिता के राष्ट्रीय अभियान में बदल दिया।
दिसंबर 2024 में केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया के नेतृत्व में शुरू हुई यह पहल अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है। अब तक देशभर में 2.5 लाख से अधिक स्थानों पर 25 लाख से ज्यादा लोग इसमें भाग ले चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान ‘फिटनेस का डोज़, आधा घंटा रोज़’ से प्रेरित यह अभियान बढ़ती जीवनशैली जनित बीमारियों और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली जैसे दो अहम राष्ट्रीय मुद्दों को संबोधित करता है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग कॉम्प्लेक्स पर खास उत्साह देखने को मिला। यहां आईटीआई, पॉलिटेक्निक और तकनीकी संस्थानों के करीब 500 छात्र-छात्राएं साइकिलिंग गियर में शामिल हुए। फिट इंडिया एंबेसडर सेबेस्टियन मारियाग्ननम नादर और नेहा तनवार के साथ छात्रों ने साइकिल चलाई और परिसर को एक जीवंत फिटनेस केंद्र में बदल दिया।