आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा की रहने वाली महज छह वर्ष चार महीने और 20 दिन की आर्या निकी थिन्नालुरी ने अरब सागर में 17 किलोमीटर की दूरी तैरकर पूरी करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। आर्या ने अटल सेतु से मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया तक की दूरी तैरकर पूरी की। उनकी इस उपलब्धि की हर तरफ चर्चा हो रही है।
आर्या ने अटल सेतु से गेटवे ऑफ इंडिया तक 17 किलोमीटर की दूरी महज 3 घंटे 51 मिनट में पूरी की। इतनी कम उम्र में अरब सागर की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हुए आर्या ने जिस हौसले, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, उसकी सराहना की जा रही है।
समुद्र में तैरना स्विमिंग पूल में तैरने की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण माना जाता है। समुद्र की लहरों, पानी के बहाव और बदलती परिस्थितियों का सामना करते हुए आर्या ने लगातार तैरकर निर्धारित दूरी पूरी की। उनकी इस उपलब्धि के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन और परिवार का निरंतर प्रोत्साहन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।