फिट इंडिया मूवमेंट के तहत चलाए जा रहे 'संडे ऑन साइकिल' इवेंट के 75वें संस्करण का आयोजन अहमदाबाद में हुआ। इस इवेंट में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, अभिनेता आयुष्मान खुराना और ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग शामिल हुए।
मनसुख मांडविया ने लोगों से साइकिल का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने पत्रकारों संग बातचीत करते हुए कहा, "आज कॉमनवेल्थ डे और संडे ऑन साइकिल का 75वां संस्करण है। दोनों विषय को ध्यान में रखते हुए पूरे देश में संडे ऑन साइकिल का आयोजन किया गया। भारत कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 का मेजबान देश है और अहमदाबाद मेजबान शहर है। ऐसे में हजारों युवाओं ने संडे ऑन साइकिल के जरिए सभी युवाओं को खेल के मैदान में आने और खुद को फिट रखने का आह्वान किया है। इसके साथ ही अहमदाबाद के मेरे युवा प्रधानमंत्री मोदी के तेल बचाओ अभियान के साथ जुड़े हैं।"
खेल मंत्री ने साइकिल चलाने के तीन बड़े फायदे बताए। उन्होंने कहा कि साइकिल के इस्तेमाल से आप खुद को फिट रख सकते हैं और यह सर्वश्रेष्ठ कसरत है। इसके साथ ही साइकिल चलाने से प्रदूषण भी कम होता है और इससे तेल की बचत भी हो सकती है। उन्होंने लोगों को संदेश दिया कि जीवन में साइकिल का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।