कलिंगा स्टेडियम में आयोजित हो रही 65वीं नेशनल इंटर-स्टेट चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन शानदार रहा। सर्वेश अनिल कुशारे ने हाई जंप में नया नेशनल रिकॉर्ड कायम किया। सर्वेश को इस खास उपलब्धि के लिए केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बधाई दी है।
सर्वेश ने 2.31 मीटर की छलांग के साथ नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया। इस प्रदर्शन के साथ ही सर्वेश ने एशियन गेम्स 2026 के लिए भी क्वालिफाई किया। खेल मंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक बड़ी छलांग। सर्वेश अनिल कुशारे को पुरुषों की हाई जंप में 2.31 मीटर का नया नेशनल रिकॉर्ड बनाने और 2026 एशियन गेम्स के लिए क्वालिफिकेशन पक्का करने पर बधाई।"
सर्वेश अनिल ने तेजस्विन शंकर के रिकॉर्ड को तोड़ा। तेजस्विन ने साल 2018 में 2.29 मीटर की छलांग लगाते हुए नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। सर्वेश ने बार की ऊंचाई को 2.35 मीटर करके छलांग लगाने की भी कोशिश की, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सके। सर्वेश ने अपने तीसरे प्रयास में नेशनल रिकॉर्ड को तोड़ा।