भारतीय पहलवान सुजीत कलकल ने एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीता। 65 किग्रा फ्रीस्टाइल के एशियन चैंपियन ने कहा है कि जापान से लौटने के बाद, उन्होंने सबसे ज्यादा मां के हाथ का बना चूरमा और खीर खाई है।
सुजीत कलकल ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आईएएनएस के एक सवाल के जवाब में कहा, "मैं ट्रेनिंग और कॉम्पिटिशन की वजह से घर से दूर रहता हूं, ऐसे में मां के हाथ का चूरमा बहुत याद आता है। एशियन गेम्स के बाद जैसे ही मैं लौटा, मेरी मां ने चूरमा और खीर भेजी। मैं घर से दूर सोनीपत में ट्रेनिंग करता हूं, इसलिए मेरी मां मेरे लिए ये चीजें भेजती रहती हैं। जापान से लौटने के बाद, मैंने सबसे ज्यादा चूरमा और खीर खाई है।"
सुजीत 2026 सीजन में अब तक अजेय रहे हैं। उन्होंने 2025 अंडर-23 वर्ल्ड चैंपियनशिप और 2026 एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप 65 किग्रा कैटेगरी में जीती थीं। उन्होंने फरवरी में अल्बानिया में यूडब्ल्यूडब्ल्यू रैंकिंग सीरीज में भी गोल्ड मेडल जीता।