ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) ने पूर्व भारतीय फॉरवर्ड सैयद हबीबुल हसन हमीद के निधन पर शोक जताया है, जिनका शुक्रवार को हैदराबाद में निधन हो गया। हमीद के परिवार में पत्नी, एक बेटी और दो बेटे हैं।
सैयद हबीबुल हसन हमीद ने भारत के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, जो 1964 के एफसी एशियन कप में हांगकांग के खिलाफ तेल अवीव में हुआ था। उस मुकाबले में भारत ने 3-1 से जीत दर्ज की थी। वह 1960 के रोम ओलंपिक में भारतीय दल का हिस्सा भी रहे थे और 1964 के प्री-ओलंपिक टूर्नामेंट में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने एआईएफएफ की ओर से जारी एक बयान में उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा, "सैयद हबीबुल हसन हमीद अपने जमाने में एक बहुत अच्छे फॉरवर्ड थे। भारतीय फुटबॉल में उनके योगदान को हमेशा बहुत सम्मान के साथ याद किया जाएगा। इंडियन फुटबॉल कम्युनिटी की तरफ से मैं उनके परिवार, दोस्तों और पूरी फुटबॉल बिरादरी के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।"