ऐश्वर्या पिस्से ने एफआईएम वर्ल्ड रैली-रेड चैंपियनशिप (डब्ल्यू2आरसी) के चौथे राउंड, बीपी अल्टीमेट रैली-रेड पुर्तगाल 2025 में इतिहास रच दिया है। ऐश्वर्या अपनी श्रेणी जीतने वाली एशिया की पहली महिला बन गई हैं।
बेंगलुरु की 29 वर्षीय ऐश्वर्या ने रैली2 (महिला वर्ग) में न सिर्फ पहला स्थान हासिल किया, बल्कि सितारों से सजे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली 27वां स्थान भी हासिल किया। यह उपलब्धि भारतीय मोटरस्पोर्ट्स के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर मानी जा रही है।
ऐश्वर्या ने कहा, "यह जीत मेरे लिए बहुत मायने रखती है। इस स्तर पर जीतने वाली एशिया और भारत की पहली महिला बनना सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह हर उस युवा लड़की के लिए एक संदेश है, जो सीमाओं से परे सपने देखती है। मैं टीवीएस रेसिंग और अपने सभी सहयोगियों की आभारी हूं, जिन्होंने इस पल को संभव बनाया।"