ओलंपियन और वर्ल्ड चैंपियन समेत कई स्टार खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए ग्लासगो में इकट्ठा हो रहे हैं। ये गेम्स 23 जुलाई से शुरू होकर 2 अगस्त तक चलेंगे। ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा, मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन भारतीय टीम का हिस्सा होंगे।
कॉमनवेल्थ गेम्स के 23वें संस्करण में इस बार सिर्फ 10 खेलों को शामिल किया गया है, जो बर्मिंघम में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के मुकाबले नौ खेल कम हैं। इसके अलावा, छह पैरा स्पोर्ट्स भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे। सभी मुकाबले ग्लासगो में आठ मील के दायरे में मौजूद चार प्रमुख स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्कॉट्सटाउन स्टेडियम, स्कॉटिश इवेंट कैंपस, ग्लासगो इंटरनेशनल एरिना और टोलक्रॉस इंटरनेशनल स्विमिंग सेंटर शामिल हैं।
एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स, स्विमिंग और पैरा-स्विमिंग, 3x3 बास्केटबॉल और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल, ट्रैक साइकिलिंग और पैरा-ट्रैक साइकिलिंग, वेटलिफ्टिंग और पैरा-पावरलिफ्टिंग, बाउल्स और पैरा-बाउल्स, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक, नेटबॉल, बॉक्सिंग और जूडो ग्लासगो 2026 के शेड्यूल में शामिल हैं।