भारत की स्टार गोल्फर अदिति अशोक ने अमुंडी एवियन चैंपियनशिप के तीसरे राउंड में लगातार दूसरा दो-अंडर 69 का कार्ड खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और लीडरबोर्ड में 33वें स्थान पर पहुंच गईं। अपने 38वें मेजर टूर्नामेंट में खेल रहीं अदिति ने शुरुआती दो राउंड में 70-70 का स्कोर बनाया था और तीसरे दिन उससे बेहतर खेल दिखाते हुए अंतिम राउंड के लिए अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
तीसरे राउंड में अदिति ने कुल चार बर्डी और दो बोगी लगाईं। उन्होंने दूसरे होल पर बर्डी के साथ अच्छी शुरुआत की, हालांकि चौथे होल पर एक शॉट गंवा दिया। सातवें होल पर दूसरी बर्डी के बाद वह एक-अंडर पर पहुंचीं। बैक नाइन में भी उन्होंने शानदार खेल जारी रखा और 12वें व 16वें होल पर बर्डी लगाई। 14वें होल पर बोगी के बावजूद उन्होंने दो-अंडर 69 का स्कोर पूरा कर लीडरबोर्ड में सुधार किया।
वहीं, टूर्नामेंट की सबसे बड़ी चर्चा दक्षिण कोरिया की 25 वर्षीय हेरन रयू रहीं, जिन्होंने तीसरे राउंड में इतिहास रच दिया। रयू ने 11-अंडर 60 का शानदार स्कोर बनाकर कोर्स रिकॉर्ड तोड़ दिया और कुल 19-अंडर के स्कोर के साथ तीन शॉट की बढ़त हासिल कर ली। उनका यह स्कोर टूर्नामेंट के इतिहास में 54 होल के सबसे कम कुल स्कोर की बराबरी भी है, जो 2016 में इन जी चुन ने बनाया था।