अंकिता कोंवर ने मुश्किल हालात में इंग्लिश चैनल रिले स्विम पूरी करके इतिहास रच दिया है। वह इंग्लिश चैनल रिले स्विम पूरी करने वालीं पूर्वोत्तर भारत की पहली महिला बन गई हैं। इस उपलब्धि पर अंकिता ने अपने पति मिलिंद सोमन का समर्थन के लिए शुक्रिया अदा किया है।
शनिवार को अंकिता ने इंस्टाग्राम पर इस उपलब्धि की तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन में बताया कि बर्फीले पानी, तेज लहरों और अनिश्चित धाराओं का सामना करने के बाद, वह छह सदस्यों वाली इंटरनेशनल रिले टीम के हिस्से के तौर पर सफलतापूर्वक फ्रांस के तट पर पहुंचीं।
अंकिता ने 'इंस्टाग्राम' पर लिखा, "कल रिले में इंग्लिश चैनल में तैराकी की। मैंने खुद से किया एक वादा पूरा किया। पिछले साल, अपने जन्मदिन पर, मैं इंग्लिश चैनल स्विमिंग की शुरुआत वाली जगह तक गई थी और खुद से कहा था कि एक दिन मैं इसमें तैरूंगी। कल मैंने ऐसा कर दिखाया। खास बात है कि ये गर्ट्रूड एडरले के चैनल पार करने का 100वां साल है। वह दुनिया की पहली महिला थीं, जिन्होंने ऐसा किया था।"