साउथ कोरिया की वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी एन से-यंग ने रविवार को डेनमार्क ओपन के फाइनल में शानदार वापसी करते हुए जापान की अकाने यामागुची के खिलाफ 21-23, 21-14, 21-18 से जीत दर्ज की। निर्णायक गेम में 5-11 से पीछे चल रहीं एन से-यंग ने जबरदस्त संघर्ष का परिचय दिया और मैच पलटते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ उन्होंने अपने करियर का 47वां अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता और बैडमिंटन इतिहास की सबसे सफल महिला एकल खिलाड़ी बन गईं।
78 मिनट तक चले इस फाइनल मुकाबले में जीत हासिल करने के बाद, 24 वर्षीय साउथ कोरियाई स्टार ने इंडोनेशिया की दिग्गज खिलाड़ी सुसी सुसांती को पछाड़ दिया। इस सीजन में यह उनका नौवां सिंगल्स खिताब है। इसके साथ ही, इस साल उनका रिकॉर्ड 61 जीत और केवल 1 हार का हो गया है।
यह उपलब्धि काफी मुश्किल हालात में हासिल हुई। दूसरे गेम के दौरान एन फिसल गई थीं। उन्होंने बताया कि वह अभी भी देख रही हैं कि उन्हें कितनी चोट आई है। निर्णायक गेम में, कोर्ट के धीमे हिस्से ने उनका आत्मविश्वास वापस लाने में मदद की, जिससे उन्होंने शानदार वापसी की।