Asian Games: हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह का मानना है कि भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर नई नारंगी जर्सी को लेकर उठी आलोचनाओं का मैदान पर करारा जवाब दिया है।
भारतीय हॉकी की पारंपरिक नीली जर्सी से हटकर नारंगी रंग की जर्सी अपनाए जाने के बाद से ही इसे लेकर चर्चा और आलोचना होती रही थी। पूर्व खिलाड़ी वीरन रसकिन्हा समेत कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने नीले रंग से हटने के फैसले पर सवाल उठाए थे। हालांकि, एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों के स्वर्ण पदक जीतने के बाद भोला नाथ सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से आलोचकों को जवाब दे दिया है।
भोला नाथ सिंह ने आईएएनएस से कहा, "नारंगी जर्सी का चयन खिलाड़ियों ने खुद किया था। उन्हें यह रंग पसंद आया और वे इसे चाहते थे। अब यह जर्सी बनी रहेगी। मुझे लगता है कि यह हमारी टीम के लिए भाग्यशाली रही है। पुरुष और महिला दोनों टीमों ने इसे पहनकर स्वर्ण पदक जीते हैं। यह सभी आलोचकों को शानदार जवाब है।"