अनूप श्रीधर का नाम भारतीय बैडमिंटन के शीर्ष एकल खिलाड़ियों में लिया जाता है। लंबे और सफल करियर के बाद श्रीधर अब कोचिंग के क्षेत्र में हाथ आजमा रहे हैं।
अनूप श्रीधर का जन्म 11 अप्रैल 1983 को बेंगलुरु में हुआ था। श्रीधर ने बैडमिंटन के गुर मशहूर खिलाड़ी और कोच प्रकाश पादुकोण से सीखे। इसके अलावा विमल कुमार से भी उन्होंने प्रशिक्षण लिया है।
श्रीधर ने 2000 के दशक की शुरुआत में भारत के प्रमुख एकल खिलाड़ियों में अपनी पहचान बनाई। श्रीधर ने 2006 में मेलबर्न में मिश्रित टीम के साथ कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा, 2007 में मलेशिया में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में पुरुष एकल में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने 2008 के बीजिंग ओलंपिक्स में हिस्सा लेकर भारतीय बैडमिंटन के इतिहास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उस दौर में भारत के लिए ओलंपिक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करना बड़ी उपलब्धि माना जाता था।