आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएआई) के सेक्रेटरी जनरल वीरेंद्र सचदेवा ने रिकर्व आर्चर नीरज चौहान की कई बार के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट किम जे-देओक पर शानदार जीत को 'हौसला बढ़ाने वाला' बताया और एशियन गेम्स 2026 में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए आर्चर्स की तारीफ की।
वीरेंद्र सचदेवा ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "नीरज ने शानदार प्रदर्शन किया। हमारी पूरी टीम अच्छा कर रही है। कोरियाई ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्टों को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचने से पूरी टीम का हौसला बढ़ा है। कंपाउंड और रिकर्व में पुरुषों, महिलाओं और मिक्स्ड दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। कंपाउंड और रिकर्व के इंडिविजुअल इवेंट्स में हमारे तीरंदाजों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।"
सचदेवा ने कहा, "हमारी टीम नई है। सिर्फ एक या दो तीरंदाजों को पहले एशियन गेम्स का अनुभव है। तीरंदाजों में अपना बेस्ट देने का जुनून और जोश है। हम सब यहां से 2028 ओलंपिक कोटा हासिल करना चाहते हैं। कोरिया का एशियन गेम्स और ओलंपिक्स में मोनोपॉली रहा है। मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि पिछले 4-5 सालों में भारत सरकार और साई द्वारा किए गए बदलावों का असर दिख रहा है।"