भारतीय महिला रिकर्व टीम ने गुरुवार को यहां आर्चरी विश्व कप स्टेज 2 में 10 बार की ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराकर उलटफेर करते हुए पदक पक्का किया। हालांकि, धीरज बोम्मादेवरा, तरुणदीप राय और यशदीप संजय भोगे वाली पुरुष टीम बांग्लादेश से 2-6 से हारकर पहले ही राउंड में बाहर हो गई।
दीपिका कुमारी, अंकिता भक्त और युवा कुमकुम मोहोद की महिला टीम ने सेमीफाइनल में ली युंजी, ओह येजिन और मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन कांग चाएयंग की कोरियाई टीम को 5-1 से हराकर रविवार को दूसरी सीड चीन के खिलाफ होने वाले फाइनल में जगह बनाई।
मैच की शुरुआत भारतीय तिकड़ी के शानदार प्रदर्शन से हुई, जिन्होंने कोरियाई टीम को हराकर शुरुआती बढ़त हासिल की। दोनों टीमों ने दूसरा सेट 56 के समान स्कोर के साथ समाप्त किया, जिसके परिणामस्वरूप सेट पॉइंट्स का बंटवारा हो गया और भारत 2-1 की बढ़त बनाए रहा।