आर्कटिक ओपन में गुरुवार को भारत के कृष्णा प्रसाद गरागा/पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की जोड़ी ने चीन की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी हे जी टिंग/रेन जियांग यू को 10-21, 21-18, 22-20 से मात देकर मेंस डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, अनुभवी सिंगल्स खिलाड़ी एचएस प्रणय और किदांबी श्रीकांत को टूर्नामेंट से जल्द बाहर होना पड़ा।
बिना वरीयता वाली भारतीय जोड़ी ने पहला गेम हारने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए 61 मिनट तक चले मुकाबले को अपने नाम किया। मई में लगातार हफ्तों में सेंट-डेनिस रीयूनियन ओपन और मैक्सिकन इंटरनेशनल चैलेंज जीतने वाले गरागा और रॉय का अगला मुकाबला क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए इंग्लैंड के ओलिवर बटलर और सैमुअल जोन्स से होगा।
दूसरी तरफ, वर्ल्ड नंबर 31 खिलाड़ी श्रीकांत ने कनाडा के ब्रायन यांग के खिलाफ पहला गेम जीतकर अच्छी शुरुआत की थी। हालांकि, पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 अपनी लय बरकरार नहीं रख सके और आखिरकार 21-15, 15-21, 13-21 से हार का सामना करना पड़ा।