फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना टूर्नामेंट में पहली बार खेल रहे केप वर्डे से होगा। इंग्लैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पॉल मेसफील्ड का मानना है कि अर्जेंटीना के पास आराम से आगे बढ़ने की क्षमता और अनुभव है, लेकिन केप वर्डे को नॉकआउट स्टेज तक पहुंचने के उसके ऐतिहासिक सफर का श्रेय मिलना चाहिए।
मेसफील्ड ने जी5 पर कहा, "अर्जेंटीना पसंदीदा टीम है। वे अपनी ताकत पर खेलेंगे और वही करेंगे, जो करना है। मेरे मुताबिक अर्जेंटीना आराम से जीत रही है। लेकिन, केप वर्डे की इज्जत करनी होगी, खासकर वोजिन्हा जैसे खिलाड़ियों की वजह से।"
उन्होंने कहा, "केप वर्डे के बारे में, जो बात मेरे लिए सबसे अलग रही है, वह है उनका दिल, जुनून और इच्छा। उन्हें हराना बहुत मुश्किल रहा है, और उन्होंने जो नतीजे दिए हैं, वे शानदार से कम नहीं हैं। वर्ल्ड फुटबॉल की छोटी टीमों में से एक को इस स्टेज तक पहुंचते देखना शानदार रहा है, और अब उन्हें मौजूदा चैंपियन का सामना करने का मौका मिला है। यह एक अविश्वसनीय कहानी है।"