मेजबान भारत ने बुधवार को 5वीं एशिया कप ब्रिज चैंपियनशिप 2026 में अपनी पहली नॉकआउट उपलब्धि हासिल की। महिला टीम ने पणजी के ताज सिडेड डी गोवा होराइजन में शुक्रवार के होने वाले सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
प्रतियोगिता में भारत के लिए एक और अच्छी खबर यह थी कि इंडिया बी बड़ी बढ़त के साथ सीनियर्स टेबल में टॉप पर पहुंच गया, जबकि इंडिया ए कई श्रेणियों में मुकाबले में बना हुआ है। युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा समर्थित यह टूर्नामेंट अपने आखिरी क्वालिफाइंग राउंड में पहुंच गया है।
महिलाओं का डबल राउंड रॉबिन चीन के 127.61 विक्ट्री पॉइंट्स (वीपीएस) के साथ टेबल में शीर्ष पर रहने के साथ खत्म हुआ। इंडोनेशिया 108.23 वीपीएस के साथ दूसरे, इंडिया ए 105.30 वीपीएस के साथ तीसरे, और जापान 89.14 वीपीएस से साथ चौथे स्थान पर रही। सभी चार टीमें शुक्रवार को सेमीफाइनल में खेलेंगी। इंडिया बी ने 69.98 वीपीएस के साथ नौवें स्थान पर अपना कैंपेन खत्म किया।