भारत ने एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में तीन मेडल पक्के कर लिए हैं। शुक्रवार को पांचवें दिन निखत जरीन, प्रिया और प्रीति पवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है।
निखत ने महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा। उन्होंने पहले ही राउंड में आरएससी (रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट) के आधार पर शियान बागुहिन को हराकर जीत हासिल की। अब सेमीफाइनल में उनका सामना चीन की वू यू से होगा, जो पेरिस 2024 ओलंपिक की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। यह निखत के लिए अब तक की सबसे कठिन चुनौती होगी।
महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग में प्रिया ने धैर्य और रणनीतिक सूझबूझ का परिचय देते हुए चीन की चेंग्यू यांग को 4-1 से हराया। इस जीत के साथ उन्होंने टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। फाइनल में जगह बनाने के लिए अब उनका मुकाबला मंगोलिया की नामून मोंखोर से होगा।