भारत ने एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में एक यादगार अभियान का समापन किया। विश्वनाथ सुरेश ने भी पुरुषों के 50 किलोग्राम वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फाइनल में जापान के दाइची इवाई को 5:0 के बड़े अंतर से हराया।
हालांकि, सचिन ने 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। भारत 5 गोल्ड मेडल के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, कजाकिस्तान ने 6 गोल्ड मेडल के साथ पहले स्थान पर कब्जा किया। हालांकि, भारत ने टूर्नामेंट में कुल मिलाकर सबसे ज्यादा 16 मेडल जीते।
भारतीय महिला टीम का प्रदर्शन एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में ऐतिहासिक रहा। टीम ने 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज के साथ कुल 10 मेडल अपने नाम किए। भारतीय महिला टीम मेडल टैली में पहले स्थान पर रही, जो महाद्वीपीय स्तर पर टीम का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक रहा। विश्वनाथ का गोल्ड मेडल उनकी तेजी से बढ़ती सफलता की कहानी में एक अहम पड़ाव है। नेशनल लेवल पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने वाले विश्वनाथ ने बहुत कम समय में ही इंटरनेशनल मंच पर अपनी एक मजबूत पहचान बना ली है। उलानबटार में उनका अभियान खासकर बहुत प्रभावशाली रहा। फाइनल तक के सफर में उन्होंने दुनिया के नंबर एक बॉक्सर को हराया, जिससे न सिर्फ उनका आत्मविश्वास झलकता है, बल्कि यह भी साबित होता है कि वे बड़े और मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के सामने भी बेहतरीन प्रदर्शन करने की काबिलियत रखते हैं।